बेंगलुरु की सिलिकॉन सिटी हाल ही में एक ऐसी शादी की गवाह बनी, जहाँ मध्य प्रदेश की आत्मीयता और दक्षिण भारत की समृद्ध परंपराओं का अद्भुत मिलन देखने को मिला। इंदौर निवासी शैलेंद्र श्रीमाल (KPN News) की भांजी सोनम और बेंगलुरु के कंवर साहब श्रीनिवास के विवाह उत्सव ने मेहमानों का दिल जीत लिया।
परंपराओं का सम्मान: केले के पत्ते पर भोजन और दक्षिण भारतीय रीति-रिवाज
शादी की शुरुआत बेंगलुरु स्टेशन पर श्रीनिवास जी द्वारा किए गए भव्य स्वागत से हुई। पूरे आयोजन में दक्षिण भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। यहाँ के पंडितों ने भारतीय और दक्षिण भारतीय पद्धति को मिलाकर मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। भोजन की व्यवस्था विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहाँ ताजे हरे केले के पत्तों पर पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन जैसे दाल-चावल, सांबर, रसम और विभिन्न प्रकार की चटनियां परोसी गईं। पंडितों की सादगी और धोती धारण किए हुए उनका स्वरूप भारतीय संस्कृति की जड़ों को जीवंत कर रहा था।
इंदौर का ‘लुंगी डांस’ और मामाओं का धमाल
शादी में मनोरंजन का पारा तब चढ़ गया जब इंदौर से आए मामा शैलेंद्र श्रीमाल ने पारंपरिक दक्षिण भारतीय लूंगी और शर्ट पहनकर मैदान संभाला। ‘लुंगी डांस’ के गानों पर उनकी थिरकन ने बेंगलुरु के मेहमानों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। खुशी श्रीमाल ने भी अपने डांस से महफिल में रंग जमा दिया। इंदौर से आए प्रशांत भैया-भाभी, अनिल भैया, उज्जैन के बड़े मामा जी, हर्ष और चीकू ने इस उत्सव को एक पारिवारिक पिकनिक जैसा आनंददायक बना दिया।
विशिष्ट रस्में और भावुक विदाई
विवाह की रस्मों में मामा का विशेष महत्व दिखा। दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुसार दुल्हन को उठाकर पटिया पर बिठाने की रस्म को इंदौर से आए शैलेंद्र, भैया और मुंबई से आए अनिल भाई ने पूरे उत्साह से निभाया। दुल्हन को सजाने के लिए विशेष रूप से इंदौर से मेकअप मैन और बेंगलुरु से मेहंदी आर्टिस्ट को आमंत्रित किया गया था।
विदाई के क्षण भावुक रहे। भाई निक्की और भाभी ने अपनी बहन सोनम को नम आंखों से विदा किया। माँ (जीजी) के चेहरे पर शादी की सफल संपन्नता का संतोष साफ झलक रहा था। शाम के बफेट डिनर में पानी पतासे और अन्य व्यंजनों का लुत्फ 200 से अधिक अतिथियों ने उठाया।
सौम्यता और क्षमा भाव
कार्यक्रम के अंत में शैलेंद्र श्रीमाल ने श्रीनिवास जी के परिवार (माता-पिता, मामा, फूफा जी) के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी व्यवस्थाएं अद्वितीय रहीं। उन्होंने एक बड़प्पन भरा संदेश भी दिया कि— “यदि उत्सव की इस गहमागहमी में अनजाने में मेरे किसी शब्द या व्यवहार से किसी का मन दुखा हो, तो मैं उसके लिए हृदय से क्षमा प्रार्थी हूँ।”
बधाई संदेश: सोनम और श्रीनिवास के सुखद दांपत्य जीवन के लिए ‘खबर पर नजर परिवार’ की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं।
रिपोर्टर: शैलेंद्र श्रीमाल (पत्रकार)
वेबसाइट: KPNindia.in










