ऊंची दुकान फीके पकवान यह हाल है हार्ले डेविडसन कंपनी से परेशान पैरा कमांडो साढ़े तीन लाख की बाइक तीन महीने में रिपेयर नहीं
खबर पर नजर इंदौर
ड्रीम बाइक खरीदने का सपना दु:स्वप्न में बदल गया है। साढ़े तीन लाख रुपए की महंगी बाइक महीनों से शोरूम में धूल खा रही है और ग्राहक लगातार चक्कर काटने को मजबूर है।https://www.hearingcareaid.in/
मामला प्रसिद्ध बाइक ब्रांड हार्ले डेविडसन के शोरूम से जुड़ा है, जहां सर्विस और ग्राहक सुविधा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। खास बात यह घटनाक्रम से परेशान ग्राहक देश की सेवा कर चुके पैरा (एसएफ) कमांडो हैं। गुलाब बाग निवासी लखन ठाकुर ने अक्टूबर 2024 में एएस मोबाइल प्रालि से हार्ले डेविडसन एक्स 440 एस मॉडल की बाइक बड़े उत्साह के साथ खरीदी थी। महंगी और प्रीमियम होने के कारण बेहतर प्रदर्शन और सर्विस की उम्मीद थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद इंजन से असामान्य आवाज आने लगी। समस्या बढ़ने पर बाइक शोरूम में दिखाई। कर्मचारियों ने जांच के बाद एक फिल्टर बदलकर समस्या हल होने का दावा किया। कुछ समय बाद वही परेशानी फिर सामने आ गई। इंजन से लगातार आवाज आने और परफॉर्मेंस प्रभावित होने के कारण लखन ठाकुर ने दोबारा शोरूम से संपर्क किया। बाइक पूरी तरह इंश्योर्ड होने के चलते 12 अक्टूबर 2025 को वाहन फिर सर्विस सेंटर पर जमा कराया गया। उस समय शोरूम कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया कुछ महत्वपूर्ण पार्ट्स बदलकर बाइक जल्द ठीक कर दी जाएगी। लेकिन इंतजार का लंबा सिलसिला खत्म ही नहीं हो रहा। साढ़े तीन महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद न तो आवश्यक पार्ट्स उपलब्ध कराए गए और न ही बाइक ग्राहक को वापस दी गई।
लखन ठाकुर का आरोप है संपर्क करने पर केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन काम की कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं देती। लाखों की उनकी बाइक सड़क पर दौड़ने के बजाय शोरूम में खड़ी है। खरीदने के बाद से लगातार परेशानी झेल रहे हैं। मानसिक तनाव के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। ग्राहक महंगी बाइक चलाने के लिए खरीदता है या महीनों शोरूम में खड़ी देखने के लिए।










