इंदौर: लालबाग का ‘ऑक्टेव 2025’ मेला साबित हुआ ‘फ्लॉप शो’, व्यापारियों के चेहरों पर छाई मायूसी
आयोजकों की लापरवाही से व्यापारी परेशान, बोले- बिना विज्ञापन के कैसे होगा व्यापार?
इंदौर (खबर पर नजर ब्यूरो):
इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में संस्कृति मंत्रालय और दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर द्वारा आयोजित ‘ऑक्टेव 2025’ (Octave 2025) उत्सव व्यापारियों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है। “इंदौर में पहली बार” के दावे के साथ 25 से 27 दिसंबर तक आयोजित इस मेले में दूर-दराज से आए व्यापारी अब अपनी किस्मत को कोस रहे हैं।
जमीनी पड़ताल: मार्केटिंग के अभाव में सन्नाटा
‘खबर पर नजर’ की टीम ने जब लालबाग मेले की जमीनी पड़ताल की, तो हकीकत दावों से उलट मिली। व्यापारियों ने कैमरे के सामने और ऑफ-कैमरा बातचीत में अपना दर्द साझा किया। उनका कहना है कि आयोजकों द्वारा इस आयोजन की न तो कोई ढंग से मार्केटिंग की गई और न ही कोई विज्ञापन किया गया। इसके चलते शहर की जनता को इस आयोजन की जानकारी ही नहीं है।
व्यापारियों का दर्द: “जाते साल ने दिया बड़ा नुकसान”
मेले में आए व्यापारियों ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि इंदौर जैसे शहर में उनका व्यापार अच्छा होगा और साल का अंत मुनाफे के साथ होगा। लेकिन, यहाँ आने के बाद स्थिति यह है कि जो थोड़े-बहुत लोग आ भी रहे हैं, वे केवल घूमने-फिरने के मकसद से आ रहे हैं, खरीदारी में किसी की रुचि नहीं है। व्यापारियों का कहना है कि तीन दिन खराब हो गए हैं और हाथ में सिर्फ मायूसी लगी है।
आयोजकों पर लापरवाही का आरोप
व्यापारियों ने सीधे तौर पर आयोजकों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जगह और सरकारी आयोजन होने के बावजूद, प्रचार-प्रसार में बरती गई लापरवाही का खामियाजा गरीब व्यापारियों और स्टॉल मालिकों को भुगतना पड़ रहा है। बड़े उत्साह के साथ इंदौर आए इन व्यापारियों को अब खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
रिपोर्ट: खबर पर नजर (Khabar Par Nazar)
(विश्वास और जमीनी पड़ताल के लिए प्रतिबद्ध)










