खबर पर नजर
इंदौर: 25 वर्षों से कठिन तपस्या कर रहे राजेश मुनि जी के सम्मान में रंजीत हनुमान क्षेत्र में बनेगा ‘अभिग्रह चौक’, मार्ग का भी होगा नामकरण
इंदौर।
जैन समाज के सुप्रसिद्ध तपस्वी संत अभिग्रहधारी श्री राजेश मुनि जी म.सा. के 52वें जन्म दिवस के पावन अवसर पर इंदौर नगर निगम द्वारा उनके त्याग और तप को सम्मानित करने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। रणजीत हनुमान मंदिर के समीप स्थित आदित्य हॉस्पिटल के सामने वाले चौराहे को अब ‘अभिग्रह चौक’ के नाम से जाना जाएगा, साथ ही यहाँ के मार्ग का नामकरण ‘राजेश मुनि मार्ग’ किया जा रहा है।
25 वर्षों की अनवरत साधना
मुनि श्री राजेश मुनि जी का जीवन त्याग की मिसाल है। वे पिछले 25 वर्षों से लगातार ‘अभिग्रह’ (विशेष संकल्प) की साधना कर रहे हैं। मुनि श्री दो दिन के कठोर उपवास के बाद अपना संकल्प पूर्ण होने पर ही भोजन ग्रहण करते हैं। उनकी इसी कठिन तपस्या और संयम को नमन करते हुए इस क्षेत्र का नामकरण उनके नाम पर किया जा रहा है।
दिग्गज जनप्रतिनिधि करेंगे लोकार्पण
इस भव्य नामकरण एवं उद्घाटन समारोह में शहर और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी और विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ के करकमलों द्वारा संपन्न होगा।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर प्रतिनिधि एवं नगर उपाध्यक्ष भारत पारख, क्षेत्रीय पार्षद जितेन्द्र (जीतू) जी, राठौर और जोन अध्यक्ष श्रीमती हरप्रीत लूथरा विशेष रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
समाजजनों से साक्षी बनने की अपील
समग्र जैन समाज ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। प्रसादी लाभार्थी टोडरमल जी कटारिया एवं विनोद बबोरी ने जानकारी दी। कार्यक्रम के संयोजक भारत पारख, अक्षय बम, संजय नाहर, नीलेश राँका और अभय मांडोत ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि वे इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बनें।
रिपोर्ट: पत्रकार शैलेंद्र श्रीमाल
स्टेट प्रेस क्लब सदस्य, म.प्र.
जिला अध्यक्ष, जैन पत्रकार परिषद, इंदौर
वेबसाइट: www.kpnindia.in
खबर पर नजर










