इंदौर की खजराना पुलिस ने शहर के दवा बाजार में चल रहे एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जहाँ प्रतिबंधित नशीली गोलियों को ‘ऑन डिमांड’ सप्लाई किया जा रहा था. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान ‘अल्प्रोजोलम’ की 1200 प्रतिबंधित टेबलेट्स जब्त की हैं और दो मुख्य आरोपियों, अकरम खान और साहिल को गिरफ्तार किया है. अकरम पेशे से फैब्रिकेशन का काम करता है, जबकि साहिल एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) है.https://www.hearingcareaid.in/
इस पूरे गिरोह का खुलासा क्षेत्र में हुई एक अड़ीबाजी की घटना की जांच के दौरान हुआ, जहाँ पकड़े गए बदमाशों की जेब से प्रतिबंधित ड्रग्स मिली थी. पुलिस ने जब घेराबंदी की, तो पता चला कि ये आरोपी व्हाट्सएप पर ग्राहकों को टेबलेट की फोटो भेजते थे और पहचान पुख्ता होने के बाद ही बाइक से डिलीवरी देते थे. जांच में यह भी सामने आया है कि दवा बाजार के कुछ एजेंट कमीशन के लालच में इन बदमाशों को आसानी से नशीली गोलियां उपलब्ध करवा रहे थे. फिलहाल पुलिस उन बड़े ड्रग्स डीलरों और व्यापारियों की तलाश में जुटी है जिनसे ये आरोपी जुड़े हुए थे.
पत्रकार: शैलेंद्र श्रीमाल
वेबसाइट: KPNindia.in










